छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में पुलिस ने ऑनलान सट्टा खिलवाते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी सड़क किनारे खड़े होकर व्हाट्सएप के जरिए ऑनलाइन दांव लगवा रहा था। इसके लिए सट्टा पर्चियों की जगह मैसेज का इस्तेमाल किया जा रहा था। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र के लालबाग इलाके का है।
सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि सूचना मिली कि आमागुडा पुराना गैस गोदाम के पास एक युवक वाट्सएप मैसेज से ऑनलाइन सट्टा खिलवा रहा है। इस पर पुलिस ने मौके पर छापा मारा और वहां रहने वाले हरेन्द्र कश्यप को पकड़ लिया। जांच के दौरान उसके मोबाइल पर वाट्सएप मैसेज में ऑनलाइन दांव लगवाने का पता चला।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 15 हजार रुपये, मोबाइल फोन जब्त किया गया है। आरोपी से पूछताछ की गई है। इसके जरिए अन्य आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल पकड़े गए आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है।