मां महामाया सहकारी शक्कर कारखाना, केरता में काम करने वाले एक इंजीनियर चमरू नायक को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि इंजीनियर ने कल्याणपुर निवासी प्रदीप कुमार से नौकरी बनाये रखने के लिये एक लाख की मांग की थी।
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले स्थित मां महामाया सहकारी शक्कर कारखाना, केरता में कार्यरत इंजीनियर चमरू नायक को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने शुक्रवार दोपहर रंगे हाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोप है कि अभियंता ने कल्याणपुर निवासी प्रदीप कुमार से नौकरी बनाए रखने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, एसीबी अंबिकापुर को शिकायत मिलने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। शिकायतकर्ता प्रदीप कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष भी अभियंता ने उससे एक लाख रुपये लिए थे, जिसके बदले उसे कारखाने में काम जारी रखने का मौका मिला था। इस बार काम न होने और नौकरी से निकालने की धमकी देकर अभियंता ने दोबारा रिश्वत की मांग की।
शिकायत की पुष्टि के बाद शुक्रवार दोपहर लगभग 2 बजे एसीबी टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। प्रदीप को निर्देशित किया गया कि वह केमिकल लगे 50 हजार रुपये अभियंता को पहली किश्त के रूप में सौंपे। जैसे ही चमरू नायक ने रकम स्वीकार की, एसीबी की टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। टीम ने अभियंता से रिश्वत की राशि और घटनास्थल से संबंधित दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। आगे की जांच एसीबी अंबिकापुर द्वारा की जा रही है।