बांग्लादेशी महिलाओं के अवैध रूप से आकर रुकने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पनाह देने के आरोप में दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में भिलाई-3 चरोदा निवासी अभय कुमार शर्मा और जयंती नगर दुर्ग निवासी शशि उपाध्याय शामिल हैं। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। इससे पहले दो बांग्लादेशी महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
जिला पुलिस प्रवक्ता एएसपी पद्मश्री तवर ने बताया कि 24 मई को थाना मोहन नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड- 16 जयंती नगर स्थित शशि उपाध्याय के मकान में दो बांग्लादेशी महिलाएं अवैध रूप से रह रही हैं। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर महिलाओं को हिरासत में लिया, पूछताछ करने पर महिलाओं ने अपना नाम सपना मंडल उर्फ सपना नूर उर्फ सपना शर्मा (उम्र 31 वर्ष) एवं रानी पासवान उर्फ खुशबू बेगम (उम्र 27 वर्ष) बताया। दोनों का स्थायी पता बांग्लादेश का दिनाजपुर जिला निकला। दोनों शशि उपाध्याय के मकान में रह रही थीं। दोनों महिलाओं को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने जांच की तब यह बात सामने आई कि शशि उपाध्याय और सपना नूर उर्फ सपना शर्मा के पति अभय शर्मा ने आधार कार्ड और उसे पनाह देने में मदद की।
पुलिस की पूछताछ में जानकारी मिली कि पकड़ी गई बांग्लादेशी सनाया नूर और खूशबू को आरोपी अभय शर्मा और शशि उपाध्याय ने पनाह दी। फर्जी तरीके से उनके दस्तावेज बनवाने में मदद की है। पुलिस ने दोनों के ठिकानों पर दबिश दी। जहां दोनों को दुर्ग और भिलाई तीन से गिरफ्तार किया गया।