दुर्ग में बाइक सहित उफनते नाले में बहा युवक।
- फोटो : संवाद
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में इन दिनों तेज बारिश का दौर जारी है। इसके चलते नदी-नाले उफान पर हैं। इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर उसे पार करने में लगे हुए हैं। ऐसी ही तस्वीर और वीडियो दुर्ग जिले से भी सामने आया है। यहां पर एक युवक घर लौटते समय सड़क पार कर रहा था। इस दौरान उफनते नाले में बाइक सहित बह गया। हालांकि युवक को तैरना आता था और वह कुछ दूर जाकर बाहर निकल आया। वहीं उसकी बाइक भी नाले से कई मीटर दूर मिली। अब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
जानकारी के मुताबिक, चोरहा गांव निवासी युवक किसी काम से जजंगिरी दादर गया था। वहां से लौटने के दौरान रास्ते में उफान पर होने के कारण नाला तेज बहाव में सड़क के ऊपर से बह रहा था। युवक ने उफनते नाले को देखने के बाद भी बाइक से सड़क पार करने का प्रयास शुरू कर दिया। जैसे ही वह सड़क के बीच में पहुंचा, पानी के तेज बहाव में बाइक फंस गई। इसके बाद वह काफी देर तक संभलने का प्रयास करता रहा, लेकिन फिर बाइक सहित नाले में बह गया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया।
दुर्ग एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि कुम्हारी थाना क्षेत्र के सुरजीडीह गांव के पास जजंगिरी नाला को पार करते हुए बाइक सवार एक युवक उसमें बह गया। हालांकि युवक को तैरना आता था, ऐसे में वह कुछ दूर जाकर बाहर आ गया। वहीं उसकी बाइक भी नाले का पानी कम होने के बाद बरामद कर ली गई है। एसपी शलभ सिन्हा ने लोगों से अपील की है कि, बरसात के समय अधिकतर नदी नाले उफान पर हैं। ऐसे में लोगों उफनती नदी, नाले पार न करने, खुद को सुरक्षित रखने और लोगों को जागरूक करने की बात कही है।