दुर्ग के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में रायपुर एम्स में स्टाफ नर्स की नौकरी दिलाने के नाम पर 14.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय तक जॉइनिंग और रकम लौटाने का झांसा देता रहा, फिर फरार हो गया।
दुर्ग में वैशाली नगर थाना पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को उत्तर प्रदेश के लखनऊ से पकड़ा गया है। उसने रायपुर एम्स में स्टाफ नर्स की नौकरी का झांसा दिया था।
विज्ञापन
पीड़ित मुकेश कोसरे ने 13 जनवरी 2026 को वैशाली नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसके कॉलेज मित्र अभिषेक जयसवाल ने बड़े अधिकारियों से पहचान का दावा कर रायपुर AIIMS में स्टाफ नर्स की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके एवज में उसने रकम की मांग की थी। मुकेश ने सितंबर 2021 से अक्टूबर 2022 के बीच 14 लाख 50 हजार रुपये अभिषेक के खाते में ट्रांसफर किए। लंबे समय तक जॉइनिंग लेटर और पैसे लौटाने का आश्वासन मिलता रहा, लेकिन बाद में आरोपी फरार हो गया।
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। वैशाली नगर थाना पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन लखनऊ में मिली। पुलिस दल ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर भिलाई लाया।