दुर्ग के सुपेला थाना क्षेत्र में लोको पायलट के सूने घर को निशाना बनाकर चोर लाखों रुपये के जेवर और एक लाख नकद चोरी कर ले गए। परिवार शादी समारोह में गया था। पुलिस डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम के साथ जांच में जुटी है।
दुर्ग के सुपेला थाना क्षेत्र के राधिका नगर में एक लोको पायलट के घर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के जेवर और नगदी चोरी कर ली। लोको पायलट त्रिलोकी नाथ के घर यह वारदात तब हुई जब वे परिवार सहित एक शादी समारोह में गए हुए थे। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
देर रात घर लौटने पर लोको पायलट और उनके परिवार को चोरी का पता चला। उन्होंने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। सुपेला और एसीसीयू की टीम मौके पर पहुंची और विवेचना में जुट गई। पुलिस डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक एक्सपर्ट भी जांच के लिए पहुंचे। लोको पायलट ने बताया कि उनके शादी के समय के सोने और चांदी के जेवर के साथ एक लाख रुपये नगद चोरी हुए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि चोर घर के पीछे के रास्ते से घुसे थे। उन्होंने घर का ताला तोड़कर चोरी को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। यह घटना 4 और 5 मई को नेहरू नगर में हुई 40 से 50 लाख रुपये की चोरी के बाद हुई है, जिसमें पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंची है।