कुत्ते के हमले का सीसीटीवी फुटेज, हमला कर कुत्ते ने युवक मुंह नोच लिया।
- फोटो : अमर उजाला
शाहपुर इलाके के आवास विकास कॉलोनी बी-ब्लॉक में आवारा कुत्ते के काटने से एक दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। कुत्ते के डर से मोहल्ले में कर्फ्यू जैसा माहौल हो गया है और लोग भयभीत हैं। जरुरी काम से घरों से निकलने पर डर रहे हैं। बृहस्पतिवार को स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि चंद्रशेखर सिंह कॉलोनी में पहुंचकर घायलों का हाल-चाल लिया और नगर निगम के जिम्मेदारों को फोन कर घटना से अवगत कराया। इसके बाद भी कोई जिम्मेदार नहीं पहुंचा।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर इलाके के आवास विकास कॉलोनी बी ब्लॉक निवासी आनंद श्रीवास्तव को बुधवार की शाम 7:30 बजे कॉलोनी में घूमने वाले आवारा कुत्ते ने उन्हें काट लिया। वह जिला अस्पताल पहुंचे लेकिन वहां एंटी रेबीज वैक्सीन न होने से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज मे भी एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं लगा।
इसके बाद प्राइवेट हॉस्पिटल मे पांच सौ रुपये देकर वैक्सीन लगवाया। इसके साथ-साथ मोहल्ले के आशीष यादव, बालमनी रेड्डी, नेहा, टुकटुक समेत एक दर्जन लोगों को बुधवार की शाम से लेकर बृहस्पतिवार तक आवारा कुत्ते ने काट चुका है। मोहल्ले के लोगों ने नगर आयुक्त से लेकर महापौर को फोन कर घटना से अवगत कराया। इसके बाद भी कोई जिम्मेदार कॉलोनी में नहीं पहुंचा।
कुत्ते के हमले से घायल युवक
- फोटो : अमर उजाला
हमलावर कुत्ते की तस्वीर सीसीटीवी में कैद
मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरे मे कुत्ते की आक्रामक वीडियो कैद हो गई है। उसका आक्रमण रूप देखकर कोई भी भयभीत हो जाएंगे। मोहल्ले के आशीष यादव बृहस्पतिवार की शाम अपने मकान के बाहर फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान कुत्ता पहुंचा और उन्हें दौड़ा कर काटने लगा। उसने बचने का प्रयास किया तो कूदकर उनके मुंह पर काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
आवारा कुत्ता और छुट्टा पशुओं से परेशान हैं मोहल्लेवासी
शाहपुर आवास विकास कॉलोनी बी ब्लॉक के लोग इन दिनों भयभीत हैं। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि मोहल्ले में छुट्टा पशुओं और सड़क पर घूमने वाले आवारा कुत्तों की तादाद बढ़ गई है। एक सप्ताह पहले मोहल्ले के लोगों ने नगर निगम को पत्र देकर अवगत कराया कि उनके मोहल्ले में घुमंतू कुत्ते और छुट्टा पशुओं का आतंक बढ़ गया है। इनसे निजात दिलाया जाए। उसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं देते। दो दिनों में 12 से ज्यादा लोगों को आवारा कुत्ता काट चुका है।
जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में नहीं लगा एंटी रेबीज वैक्सीन
शाहपुर आवास विकास कॉलोनी के लोगों ने बताया कि कुत्ता काटने पर वह सीधे जिला अस्पताल गए, लेकिन वहां बताया गया की एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं है। जिसके बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर वहां पर जूनियर डॉक्टरों का व्यवहार देखकर काफी परेशान हुए। बहुत सिफारिश करने के बाद भी एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं लगा। इसके बाद लोगों ने प्राइवेट अस्पतालों का सहारा लेना पड़ा।