नालियों के बीच बीछी हुई पाइप लाइन
- फोटो : अमर उजाला
बिलासपुर शहर के कई वार्डां में पेयजल की सप्लाई नालियों के बीच बीछी हुई पाइप लाइन से की जा रही है। ऐसे में बारिश के आते ही पानी पीने वालों पर डायरिया और पीलिया जैसी बीमारी का फैल रही है। यदुनंदन नगर, तिफरा, इमलीपारा, तालापारा, चिंगराज, मधुबन, राजकिशोर नगर, लिंगियाडीह सहित कई वार्डों में गंदे पानी की सप्लाई से जनस्वास्थ्य खतरे में है।
शहर के कई वार्डां में डायरिया की शिकायत आने पर पिछली बार निगम ने सर्वे कराया था। इसके अनुसार, शहर के कई स्थानों पर पाइप लाइन नाले, नालियों के बीच से गुजरी हुई पाई गई, कई जगह लीकेज भी हैं। निगम के कुछ जोन में लीकेज दुरुस्त करने की जानकारी है, लेकिन जंग लगे, फूटे पाइप को बदलने तथा मेंटेनेंस का काम नहीं हो पाया है।
इधर बारिश का मौसम फिर से आ गया है, लेकिन अब तक तालापारा, मगरपारा, टिकरापारा, चांटीडीह, चिंगराज सहित अन्य क्षेत्र जहां पेयजल की लाइन नालियों से होकर गुजरी है, उसे हटाया नहीं गया है। ऐसे में एक बार फिर इन क्षेत्रों में रहने वालों पर डायरिया और पीलिया फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है। अफसरों का कहना है कि इस संबंध में जोन कमिश्नर की बैठक ली गई है, जहां शिकायत मिल रही है वहां उन शिकायतों को दुरुस्त किया जा रहा है। वहीं, पुरानी पाइप लाइन जहां खराब हो गई है, उन पाइपलाइन के लिए पाइप मंगा लिया गया है।