धमतरी डीआरजी टीम को एक बड़ी सफलता मिली है। नक्सलियों द्वारा लगाए गए 10 किलो आईईडी को डीआरजी टीम की सुरक्षा में बीडीएस टीम ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया है। वहीं, आसपास के इलाकों में डीआरजी की टीम द्वारा सर्चिंग की जा रही है।
विज्ञापन
मिली जानकारी के अनुसार, धमतरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना नगरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फरसिया से चंदनबाहरा मार्ग पर नक्सलियों द्वारा आईईडी लगाया गया है। इसके साथ ही आसपास के जंगल क्षेत्रों में नक्सलियों की गतिविधियों की भी सूचना प्राप्त हुई।
सूचना पर एएसपी शैलेन्द्र पांडेय के नेतृत्व में डीआरजी नगरी एवं बीडीएस टीम का संयुक्त पुलिस बल आज 11 अक्तूबर को रवाना किया गया। सर्चिंग के दौरान चंदनबाहरा आवागमन मार्ग में पुलिस दल को 10 किलो वजन का आईईडी संदिग्ध अवस्था में प्राप्त हुआ। जिसे डीआरजी टीम की सुरक्षा में एवं बीडीएस की टीम द्वारा सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर नष्ट किया गया।