धमतरी में जर्जर सड़कों पर मरम्मत की चादर
- फोटो : अमर उजाला
धमतरी की सड़कों की हालत बेहद जर्जर हो गई है। इसे नव निर्माण की दरकार है, लेकिन जनप्रतिनिधियों द्वारा सिर्फ मरम्मत कराकर वाहवाही लूटने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि अगर जिले का सौंदर्यीकरण करना है तो धरातल से कार्य करना पड़ेगा। अगर जिले की सड़कों का बुरा हाल रहेगा तो उस जिले की रूपरेखा कभी व्यवस्थित नहीं हो सकती।
ऐसा ही हाल धमतरी जिले का है। यहां सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। अच्छी सड़क का नेताओं व जनप्रतिनिधियों ने वादा किया था, लेकिन धरातल पर सच्चाई कुछ और ही नजर आती है। सड़कों को लेकर लोगों में काफी नाराजगी दिखाई दी और प्रदर्शन भी किया गया। सड़क सुधारने के नाम पर खानापूर्ति करते हुए सड़कों की मरम्मत कराई जा रही है और वाहवाही लूटी जा रही है।
जिन सड़कों पर रोजाना भारी वाहनों की आवाजाही रहती है, वे सड़कें पूरी तरह खराब हो चुकी हैं। इनमें बड़े-बड़े गड्ढों के अलावा गिट्टियां भी उखड़ गई हैं। ऐसे में मरम्मत की चादर बिछाकर कुछ समय के लिए ही सहूलियत दी जा रही है। जिन सड़कों का पूरी तरह निर्माण होना था, उन पर सिर्फ काली चादर बिछवाकर नेता, जनप्रतिनिधि और अधिकारी अपनी पीठ थपथपा रहे हैं।
विभागीय जानकारी के अनुसार, स्टेट हाईवे आमदी से मथुराडीह मोड़ तक 47.56 लाख रुपये का टेंडर हुआ है, जिसका काम आज से प्रारंभ हुआ। इसी तरह मुख्य जिला मार्ग और ग्रामीण सड़कों की पेच रिपेयरिंग के लिए 97.6 लाख रुपये का टेंडर हुआ है। इसका काम भी जल्द प्रारंभ होगा।