छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरुद से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक राइस मिल में काम करने वाली युवती पर उसके कथित प्रेमी ने चाकू से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल युवती ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया है। वहीं, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
भोथली रोड स्थित राइस मिल में हुई वारदात
यह सनसनीखेज वारदात धमतरी जिले के कुरुद थाना क्षेत्र के अंतर्गत भोथली रोड स्थित श्री बालाजी राइस मिल में हुई। मृतका मूल रूप से कोंडागांव जिले के ग्राम कानागांव की रहने वाली थी। वह पिछले कुछ महीनों से इस राइस मिल में मजदूरी का काम कर रही थी।
मिल में काम के दौरान हुई थी आरोपी से पहचान
मिल में काम करने के दौरान ही उसकी पहचान भाठागांव निवासी आरोपी दुलेश्वर टंडन से हुई, जो उसी राइस मिल में काम करता था। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी दुलेश्वर युवती को पसंद करता था। इसी बीच उसे संदेह हुआ कि समिता किसी दूसरे युवक से भी फोन पर बातचीत करती है।
चरित्र शंका और जलन में चाकू से किए 9-10 वार
पुलिस के अनुसार, इसी चरित्र शंका और जलन के चलते आरोपी शुक्रवार देर रात चाकू लेकर सीधे युवती के कमरे में घुस गया। युवती कुछ समझ पाती, इससे पहले आरोपी ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ 9 से 10 बार जानलेवा वार कर दिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती
चाकू के हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे लहूलुहान हालत में तत्काल धमतरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज शुरू किया। हालांकि, इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया।
कुछ ही घंटों में पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
घटना की गंभीरता को देखते हुए कुरुद पुलिस ने तत्काल घेराबंदी शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी दुलेश्वर टंडन को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
ASP ने की मामले की पुष्टि
एडिशनल एसपी डीसी पटेल ने मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी युवक को पहले हत्या के प्रयास और अब युवती की मौत के बाद हत्या की धाराओं के तहत संबंधित प्रावधानों में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी जांच की जा रही है।