धमतरी के सोरिद वार्ड में रविवार शाम नाले में गिरकर लापता हुए 7 वर्षीय लक्ष्य का शव करीब 24 घंटे बाद पुल के नीचे चौथे नंबर के पाइप में फंसा मिला। रेस्क्यू टीम ने पुल और पाइप तोड़कर बच्चे की तलाश की।
धमतरी शहर के सोरिद वार्ड में रविवार शाम हुए दर्दनाक हादसे में लापता 7 वर्षीय बच्चे का शव सोमवार शाम बरामद कर लिया गया। बच्चा उसी पुल के नीचे पाइप में फंसा मिला, जहां वह खेलते समय नाले में गिर गया था। शव मिलने के बाद बच्चे के घर में मातम छा गया।
भर्रीपारा सोरिद निवासी 7 वर्षीय लक्ष्य, पिता गौतम साहू, रविवार शाम करीब 5 बजे खेलते समय नाले में गिर गया था। घटना की जानकारी मिलते ही वार्डवासियों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस, नगर निगम और बचाव दल ने बच्चे की तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल पाया।
करीब 24 घंटे की तलाश के बाद सोमवार शाम बच्चे का शव दिखाई दिया। लक्ष्य चौथे नंबर के पाइप में फंसा हुआ था। बच्चे का शव दिखाई देते ही परिवार के लोगों की हालत खराब हो गई। शव को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।