ठगों ने ऑनलाइन माध्यम से 18 अक्तूबर 2021 से 25 दिसंबर 2023 तक कुल 52 लाख 49 हजार 425 रुपये ऐंठ लिए। जब ठगों द्वारा कही गईं बातों में सच्चाई नहीं होने का अहसास हुआ तो उसने अपने रुपये वापस मांगे लेकिन उन्होंने सिर्फ झूठा आश्वासन दिया।
धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड से एक अंधविश्वास का मामला सामने आया है। जहां पीड़ित को तंत्र-मंत्र के जरिए पैसों की बारिश और घर के क्लेश दूर करने की बात कहते हुए ऑनलाइन माध्यम से 52 लाख रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी हुई है। जिस पर पीड़ित ने कुरूद थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
विज्ञापन
लेखराम चंद्राकर निवासी ग्राम परसवानी ने कुरूद थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि मोहन शर्मा निवासी मथुरा यूपी, धरमपाल गुप्ता व रेखा राजपूत ने अपने मोबाइल से लगातार उसे फोन करके कहा कि तंत्र-मंत्र की विद्या से लोगों के दुख-तकलीफ और पैसों की बारिश करवाते हैं। पीड़ित ने बताया कि मोहन शर्मा उर्फ मोहन बाबा निवासी मथुरा यूपी ने तंत्र-मंत्र विद्या से लोगों के दुख तकलीफ को दूर करने की बात कही। उससे लगातार बात करते हुए विभिन्न प्रकार से तंत्र, मंत्र के फोटो, वीडियो, पैसों की गड्डी के फोटो, तंत्र-मंत्र क्रियाओं की तस्वीर वाट्सएप पर भेजा। जिस पर वह उनके झांसे में आ गया और बातों-बातों में उसका आधार कार्ड, घर की तस्वीर, मकान के कमरे की तस्वीर की भी मांग करने पर उसने सब तस्वीर लेकर भेजीं।
जिस पर बाबा ने घर आकर तंत्र-मंत्र की पूजा कर घर के दुखों और पैसों की बारिश करने की बात कही। झांसे में आकर उसने ऑनलाइन माध्यम से तीनों के खाते में 18 अक्तूबर 2021 से 25 दिसंबर 2023 तक कुल 52 लाख 49 हजार 425 रुपये दिए गए। जब तीनों के द्वारा कही गई बातों में कुछ सच्चाई नहीं होने का अहसास हुआ तो उसने अपने रुपये वापस मांगे लेकिन इन्होंने सिर्फ झूठा आश्वासन दिया। जिस पर उसने तीनों के खिलाफ छलपूर्वक रुपये ऐंठने की शिकायत थाने में की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।