देवांगन समाज का युवक-युवती परिचय सम्मेलन
- फोटो : अमर उजाला
कोंडागांव के आड़काछेपड़ा वार्ड में देवांगन समाज द्वारा युवक-युवती परिचय सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विवाह योग्य युवक-युवतियों ने मंच पर आकर अपना परिचय दिया और अपने परिवार, शिक्षा, कार्य व रुचियों की जानकारी साझा की। समाज के वरिष्ठजनों, अभिभावकों और अन्य सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
इस मौके पर समाज के अतिथियों ने ऐसे आयोजनों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के सम्मेलन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और युवाओं को अपने जीवनसाथी के चयन का एक पारदर्शी मंच प्रदान करते हैं। सम्मेलन में बस्तर, नारायणपुर, कांकेर और कोंडागांव जिलों से लगभग 500 से अधिक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान 30 युवाओं की पंजीयन संपन्न कराई गई।
समाज के अध्यक्ष सुरेश देवांगन ने बताया कि आगे भी ऐसे आयोजन नियमित रूप से किए जाएंगे। उन्होंने घोषणा की कि आने वाली परमेश्वरी जयंती के अवसर पर समाज द्वारा एक सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग मिल सकेगा। इस पहल की सभी उपस्थित जनों ने सराहना की और इसे समाज के उत्थान की दिशा में प्रेरणादायक कदम बताया।