डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कबीरधाम के ग्राम कान्हाभैरा में 6.7 किमी सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया। यह सड़क स्थानीय बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ कर ग्रामीणों के लिए आवागमन, शिक्षा और व्यापार के नए अवसर लाएगी।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने नाबार्ड योजना के तहत कबीरधाम जिले के ग्राम कान्हाभैरा में 5.43 करोड़ रुपये की लागत से 6.7 किमी लंबी बानो से कान्हाभैरा तक सड़क निर्माण का शनिवार को भूमिपूजन किया। लंबे समय से सड़क संपर्क की कमी से जूझ रहे ग्रामीणों के लिए यह कार्य जीवन में बदलाव लाएगा। ग्रामीणों के आग्रह पर डिप्टी सीएम ने त्वरित स्वीकृति दी, जिसके फलस्वरूप आज भूमिपूजन हुआ।
विज्ञापन
इस अवसर पर उन्होंने ग्राम कान्हाभैरा के लिए सीसी रोड, नाली निर्माण हेतु 12 लाख रुपये और दो बोर खनन की घोषणा की। सभा को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि यह सड़क निर्माण जिले के विकास को गति देगा और स्थानीय बुनियादी ढांचे में सुधार करेगा। सड़क से बानो, आंक्षी, पथरा और कान्हाभैरा के हजारों ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। इससे आवागमन सुगम होगा, साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर जोर देते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने और ग्रामीणों का सहयोग लेने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ग्रामीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सभी विकास कार्य समय पर पूर्ण किए जाएंगे ताकि क्षेत्र में समग्र प्रगति हो सके।