छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने सुकमा स्थित पुनर्वास केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटे युवाओं के साथ चौपाल लगाई।
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने सुकमा स्थित पुनर्वास केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटे युवाओं के साथ चौपाल लगाई। उपमुख्यमंत्री जमीन पर बैठकर युवाओं से बातचीत करते नजर आए, जिससे माहौल सहज और आत्मीय हो गया।
विज्ञापन
निरीक्षण के दौरान कई युवाओं ने बताया कि उनके आधारभूत दस्तावेज अभी तक तैयार नहीं हो पाए हैं। इस पर उपमुख्यमंत्री ने तुरंत जिला प्रशासन को दस्तावेज बनाने के निर्देश दिए और खुद अधिकारियों के साथ बैठकर प्रक्रिया की निगरानी की। आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड हेतु आवेदन वहीं पर कराया गया।
उपमुख्यमंत्री ने युवाओं के स्वास्थ्य और सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए और पुनर्वास केंद्र में मेडिकल कैंप लगाने को कहा। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं के परिवार उनसे मिलना चाहते हैं तो उन्हें बिना रोकटोक मिलने दिया जाए। वहीं जिन युवाओं के परिजन जेल में हैं, उनके लिए भी मुलाकात की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि अगर कोई युवा विवाह करना चाहता है तो सरकार सामूहिक विवाह की व्यवस्था कराएगी। साथ ही इन युवाओं को विधानसभा सत्र के दौरान रायपुर ले जाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जानकारी देने की घोषणा भी की गई। पुनर्वास केंद्र में युवाओं को राज मिस्त्री, कृषि, सिलाई समेत विभिन्न कौशल प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं, ताकि उन्हें रोजगार और आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।