छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में एक महिला नक्सली समेत दो नक्सलियों को मार दिया है। नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुडुवांडी और कवाड़गांव के जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई।
बीजापुर जिला में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गंगालूर थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन और स्थानीय पुलिस साझा टीम गश्त के लिए निकली हुई थी। टीम जब मुडुवांडी और कवाड़गांव के जंगल में थी तभी
नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जिसके जवाब में पुलिस टीम ने भी जवाबी हमला किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों ओर से जारी गोलीबारी के बीच कई नक्सली मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। मुठभेड़ के बाद जब सुरक्षा बलों ने घटनास्थल की तलाशी ली तो वहां दो वर्दीधारी नक्सलियों के शव बरामद हुए। पुलिस ने घटनास्थल से एक 303 रायफल, 12 बोर की बंदूक और एक देसी पिस्तौल बरामद किया है।
छ्त्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों का नक्सलियों के खिलाफ अभियान ऑपरेशन प्रहार जारी है। पुलिस जंगलों में मौजूद नक्सिलयों के कैंप ध्वस्त करने में जुटी है।