छत्तीसगढ़ के महासमुंद में एक ही परिवार के चार सदस्यों की बेरहमी से हत्या हो गई है। मरने वालों में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे हैं। इस सामूहिक हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। वहीं हत्याकांड की जानकारी मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। फिलहाल चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक किशनपुर गांव के उप स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत योग माया साहू (30) अपने पति चेतन साहू (32) और दो बच्चों तन्मय (6) और कुणाल (8) के साथ स्टाफ क्वार्टर में रहती थी। माया का पति चेतन साहू रायपुर के निजी अस्पताल में पीआरओ था। यह इलाका महासमुंद के पिथौड़ा थाना क्षेत्र के अंतरर्गत आता है।
बताया जा रहा है कि बुधवार की रात माया के घर कुछ रिश्तेदार आए हुए थे लेकिन सभी 9 बजे से पहले ही चले गए। सुबह के वक्त जब महिला सफाईकर्मी घर की सफाई के लिए पहुंची तो उसने देखा कि मेन गेट से ताला लगा हुआ है जो कि आमतौर पर खुला रहता था।
उसने फिर वह ताला खोला। इसके बाद उसने घर का दरवाजा भी खटखटाया पर किसी ने दरवाजा नहीं खोला और ना ही घर से किसी प्रकार की कोई आवाज आ रही थी। जब उसने दरवाजे को धक्का दिया तो वह हैरान रह गई। घर के दोनों ही कमरों में खून फैला हुआ था।
महिला कर्मचारी के मुताबिक पूरे घर में खून ही खून फैला हुआ था साथ ही वहां खून से सना एक
फावड़ा भी पड़ा था। इसके तुरंत बाद ही उसने घटना की सूचना स्थानीय लोगों और पुलिस को दी।पुलिस के अनुसार वह सूचना मिलते ही वहां पहुंचे तो उन्होंने देखा घर की अलमारी खुली हुई थी। सारा सामान बिखरा हुआ था। पुलिस ने सारे शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल को सील कर दिया है। पुलिस ने यह भी बताया कि आपसी रंजिश या लूटपाट के इरादे से इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। साथ ही फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को भी जांच के लिए बुलाया गया है।