Raipur Mova Overbridge construction: छत्तीसगढ़ में सड़क निर्माण में लापरवाही और अनियमितता रुकने का नाम नहीं ले रही है। रायपुर के मोवा ओवरब्रिज में सड़क निर्माण में हिलाहलावा किया गया है। इस पर छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने
मरम्मत कार्य में लापरवाही की खबर पर कार्यस्थल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मरम्मत कार्य में लापरवाही और खराब काम पर फटकार लगाई। संबंधित ठेकेदार और इंजीनियर्स को सख्त चेतावनी दी।
उन्होंने ओवरब्रिज मरम्मत कार्य की जांच करवाकर तीन दिनों में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। सख्त लहजे में संबंधितक अधिकारियों से कहा कि गुणवत्ताहीन कार्य के लिए जिम्मेदार अधिकारी को नहीं बख्शे जायेंगे। जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की जायेगी। सुशासन की सरकार में अनियमितता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने ठेकेदार को मरम्मत कार्य का एक रुपए भी भुगतान नहीं करने के निर्देश दिए। ऐसा किए जाने पर अधिकारियों के वेतन से भरपाई की जाएगी। साव के मरम्मत कार्य के निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह और प्रमुख अभियंता केके पीपरी भी मौजूद थे।
Read more:
Raipur News: मोवा ओवरब्रिज मरम्मत के बाद 24 घंटे भी नहीं चल पाई!, उखाड़ने लगी सड़क, दोबारा शुरू होगा काम
जांच के लिये आदेश जारी
उप मुख्यमंत्री साव के सख्त निर्देश के बाद लोक निर्माण विभाग ने तुरंत जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। विभाग ने मरम्मत में घोर लापरवाही पर डामरीकरण कार्य में खराबी आने के कारण और जिम्मेदार अधिकारी जैसे बिंदुओं की जांच मुख्य अभियंता स्तर के अधिकारियों से कराकर तीन दिनों में रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने को कहा गया है।
कई जगहों से जर्जर थी सड़क
राजधानी रायपुर के मोवा रेलवे ओवरब्रिज कई जगहों से जर्जर हो गया था। जिसका डामरीकृत सतह को उखाड़कर नया डामरीकरण मरम्मत का काम किया गया। ब्रिज की मरम्मत अछि तरह से हो इसके लिए तीन से आठ जनवरी तक ब्रिज को बंद कर काम कराया, लेकिन अब यह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। ब्रिज का नया डामरीकरण मरम्मत एक दिन भी नहीं चल सका और सड़क उखाड़ने लगी।
डामर से निकलने लगी गिट्टी
मोवा रेलवे ओवरब्रिज के ऊपर डामरीकृत सतह को उखाड़कर नया डामरीकरण मरम्मत का काम तीन जनवरी से शुरू किया गया था। कार्य जल्द पूरी करने और यातायात के दबाव के कारण रात तीन से चार बजे तक डामरीकरण किया जा रहा था। इस दौरान दिखा कि डामर से कुछ जगह गिट्टी निकल रही है, जो कि डामर का मटेरियल अधिक गरम होने के कारण है। फिलहाल वहां पर काम अभी पूरा नहीं हुआ है।