छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने नक्सलियों के प्रशिक्षण शिविर को ध्वस्त करते हुए आठ नक्सलियों को मार गिराने का दावा किया है, जबकि एक नक्सली का शव बरामद हुआ है। इस घटना में नौ नक्सली भी पकड़े गए हैं।
कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक राहुल भगत ने बताया कि जिले के बांदे थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोंगे और तांगुड़ के बीच पुलिस दल ने नक्सलियों के प्रशिक्षण शिविर को ध्वस्त कर दिया है तथा इस मुठभेड़ में आठ नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस दल ने नौ नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है।
भगत ने बताया कि कांकेर जिले की पुलिस पिछले दो दिनों से नक्सल विरोधी अभियान में निकली हुई थी। जब जिला पुलिस बल और एसटीएफ का संयुक्त दल कोंगे और तांगुड़ गांव के बीच पहुंचा तब नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस दल ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस दल ने मुठभेड़ के दौरान आठ नक्सलियों को गोली लगकर गिरते हुए देखा है, जिन्हें उनके साथी घसीटकर ले गए हैं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद जब नक्सली वहां से भाग गए, तब पुलिस दल ने घटनास्थल की तलाशी ली। घटनास्थल से पुलिस ने एक नक्सली का शव, एक भरमार बंदूक, भारी मात्रा में प्रशिक्षण का सामान और विस्फोटक बरामद किया है।
भगत ने बताया कि पुलिस दल ने घटनास्थल से नौ नक्सलियों को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें से चार नक्सली वर्दीधारी हैं। पुलिस गिरफ्तार नक्सलियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस दल के एक अन्य हिस्से को जिले के बीमागुंडा गांव के जंगल से नक्सलियों का डंप बरामद हुआ है।
भगत ने बताया कि पुलिस दल जब बीमागुंडा गांव के करीब पहुंचा तब उन्हें नक्सली शिविर मिला। पुलिस दल के पहुंचने से पहले नक्सली वहां से फरार हो गए थे। पुलिस दल ने घटनास्थल से ट्रंक और अलमारी बरामद की, जिसमें वर्दी, विस्फोटक और अन्य सामान रखा हुआ था। पुलिस दल ने शिविर को ध्वस्त कर दिया है।