कांग्रेस का आज रायपुर जिले के तीन विधानसभा सीटों क्रमश: धरसींवा, रायपुर ग्रामीण और रायपुर दक्षिण विधानसभा में संकल्प शिविर संपन्न हुआ। तीनों ही विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, प्रभारी सचिव सप्तगिरि शंकर उल्का, राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी, विकास उपाध्याय शामिल हुए। इस दौरान सीएम बघेल ने कहा कि 5 साल पहले इसी जगह संकल्प शिविर का आयोजन हुआ था। भाजपा की 15 साल की सरकार 15 सीट में सिमट गई। अभी 13 सीटे भाजपा के पास है। सीएम ने दावा करते हुए कहा कि ऐसा कोई वर्ग और परिवार नहीं है, जिसे हमारी सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में राशन कार्ड के लिये लंबी लाइन लगानी पड़ती थी। उस टाइम हम लोगों ने आंदोलन किया और थाना का घेराव भी किया फिर भी जरूरतमंदों को राशन कार्ड नहीं मिल पाया। भाजपा सरकार में एक व्यक्ति पास तीन से चार राशन कार्ड होता था और चुनाव के बाद सब का नाम काट देते थे। आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी की 15 साल की सरकार में चाउर वाले बाबा बने थे और गरीबों का चावल डकार गये। कांग्रेस सरकार ने गरीबो के लिये बहुत काम किये। बिजली बिल हाफ योजना का लाभ सभी परिवारो को मिल रहा है। लाखों, करोड़ों रूपया कांग्रेस सरकार ने माफ किया। स्व-सहायता समूह गरीब, मजदूर, किसान सभी का कर्जा माफ हुआ। लगातार छत्तीसगढ़ के विकास के लिये निरंतर काम कर रहे हैं।
'छत्तीसगढ़ आवास योजना देश में नंबर वन'
सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के समय आवास योजना देश में नंबर वन है। मोदी राज में महंगाई बहुत बढ़ी है और ट्रेन रद्द हो रही हैं। लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा और कांग्रेस में यह अंतर है कि कांग्रेस जोड़ने का काम करती है और भाजपा तोड़ने का काम करती है। कांग्रेस पार्टी सभी के सुख दुख में खड़ी होती है और सभी सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम में जाते हैं। एक तरफ मणीपुर जल रहा है, तो दूसरी तरफ हरियाणा में दंगे हो रहे हैं और प्रधानमंत्री लोकसभा में हस रहे हैं। लोगों की जान जाये तो जाये पर मोदी की सत्ता बरकरार रहनी चाहिये यह भाजपा का चरित्र हैं।
'विधायक सत्यनारायण शर्मा के योगदान से विकास कार्य'
सीएम ने कहा कि आज पांच साल बाद फिर आपके साथ बैठे हैं। इन पांच वर्षो में रायपुर ग्रामीण में जो-जो काम हुये विधायक सत्यनारायण शर्मा के योगदान से संभव हुआ है। चाहे नल, सड़क, महाविद्यालय, बिजली, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश माध्यम स्कूल खुले और विकास कार्य हुए। पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने मेहनत किया इसलिये 2018 में कांग्रेस की सरकार बनी।
दीपक बैज ने बताया- कांग्रेस के संकल्प शिविर का मकसद
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि संकल्प शिविर का आज दूसरा दिन है। कल से शुरूआत हुई कल दो विधानसभा में संकल्प शिविर हुआ। आज तीन विधानसभा में हो रहा संकल्प शिविर का मकसद है कि हमारा एक-एक कार्यकर्ता इस शिविर के माध्यम से कांग्रेस सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाये और संकल्प लेकर जाए। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार पुनः बनाना है और गांव गरीब लोगों की सेवा करना है ये कांग्रेस का संकल्प शिविर का मकसद है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार का साढे चार साल पूरा हुआ। भाजपा के 15 साल की सरकार में सिर्फ और सिर्फ झूठ और फरेब की राजनीति चला है। जब 15 साल भाजपा की सरकार थी तब उस समय मोबाईल बाटने का काम चला तो कहीं चावल त्यौहार और चाउर वाले बाबा के नाम से पूरा 15 साल चले गया। लेकिन आज कांग्रेस सरकार आने के बाद बेरोजगार युवाओ को नौकरी देने का काम किया। कांग्रेस सरकार ने अपने घोषणा पत्र के एक-एक वायदा को पूरा कर रही है।
दिवंगत योगेंद्र शर्मा की 60वी जयंती पर विशाल रक्तदान शिविर
झीरम नक्सली हिंसा में दिवंगत कांग्रेस नेता योगेंद्र शर्मा की 61वी जयंती पर आज कृषि उपज मंडी परिसर तुलसी बाराडेरा, धरसीवां में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर भारी संख्या में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। क्षेत्रवासियों और सैकड़ों युवाओं ने रक्तदान कर श्रद्धांजलि अर्पित की। शर्मा को नमन किया। क्षेत्रवासियों ने उन्हें याद करते हुए कहा उनकी शहादत को प्रदेश की जनता कभी भूल नहीं सकती।