बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रवक्ता पिंटू महादेव के खिलाफ सिटी कोतवाली में एफआईआर के लिए आवेदन दिया।
बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रवक्ता पिंटू महादेव के खिलाफ सिटी कोतवाली में एफआईआर के लिए आवेदन दिया। यह कार्रवाई केरल में एक टीवी डिबेट के दौरान पिंटू महादेव की ओर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी को कथित रूप से जान से मारने की धमकी देने वाले अमर्यादित बयान के बाद की गई।
विज्ञापन
सुशील मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी की लोकप्रियता से भाजपा बौखलाई हुई है, और उनके प्रवक्ता खुले मंच पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं की अनदेखी करते हुए हिंसात्मक भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। मौर्य ने यह भी कहा कि इस तरह का बयान लोकतंत्र पर गंभीर खतरा है और ऐसे बयानों पर सख्त रोक लगनी चाहिए। उन्होंने बताया कि भाजपा प्रवक्ता के इस बयान से देश के सामने भाजपा का असली चरित्र उजागर हुआ है।
ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला ने कहा कि यह अमर्यादित और अस्वीकार्य बयान भाजपा के शीर्ष नेताओं की शह पर दिया गया, और यदि इस पर रोक नहीं लगाई गई तो इससे देश के लोकतंत्र को खतरा हो सकता है। शुक्ला ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय को स्वतः संज्ञान लेकर इस तरह की आपत्तिजनक बयानबाजी पर रोक लगानी चाहिए।
विज्ञापन
कांग्रेस ने यह भी चेतावनी दी कि यदि भाजपा प्रवक्ता पिंटू महादेव के खिलाफ जल्द कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होती है तो पार्टी और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस बयान को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।