रायपुर में कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक ली
- फोटो : अमर उजाला
रायपुर में कलेक्टर गौरव सिंह ने मंगलवार को समय-सीमा की अहम बैठक लेकर जिले के विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की। बैठक में जनदर्शन, कॉल सेंटर से प्राप्त शिकायतों, लंबित राजस्व प्रकरणों, डीईएएफपीपी और निष्क्रिय बैंक खातों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी से यह व्यवस्था लागू है और फील्ड में जाने से पहले तथा वापस लौटने के बाद भी उपस्थिति दर्ज करना जरूरी होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभागों का सीआर अब पूरी तरह डिजिटल और कंप्यूटरीकृत किया जा रहा है, जिसमें लक्ष्य और प्रगति के आधार पर मूल्यांकन होगा।
बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों को निर्देश दिए कि उन्हें प्राप्त पत्रों और आवेदनों पर समय पर कार्रवाई कर शीघ्र जवाब भेजा जाए। साथ ही 18 वर्ष से कम उम्र के सभी बच्चों का आधार कार्ड अनिवार्य रूप से बनवाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
जनदर्शन से जुड़ी शिकायतों को लेकर कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री और कलेक्टर जनदर्शन में मिलने वाले सभी आवेदनों का त्वरित और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कॉल सेंटर और अन्य लंबित शिकायतों का भी तय समय-सीमा में समाधान करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा डीईएएफपीपी और निष्क्रिय बैंक खातों के मामलों को प्राथमिकता के साथ जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, डीएफओ लोकनाथ पटेल सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।