मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (पीएससी) परीक्षा-2024 में सफलता प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि युवा पीढ़ी की मेहनत, लगन और निरंतर तैयारी का परिणाम है, जिस पर पूरा राज्य गर्व महसूस कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने चयनित उम्मीदवारों को प्रशासनिक सेवा के नए चरण की शुरुआत पर शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि प्रदेश की सामूहिक प्रगति का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई पीढ़ी प्रशासनिक सेवा में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही की नई मिसाल स्थापित करेगी।
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं ने हमेशा उत्कृष्टता और मेहनत का परिचय दिया है और इस परीक्षा में सफल प्रतिभागियों ने यह साबित किया है कि राज्य की युवा शक्ति प्रशासनिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि यह सफलता हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और यह संदेश देगी कि निरंतर प्रयास और अनुशासन से कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं।
मुख्यमंत्री ने अपेक्षा जताई कि नव-नियुक्त अधिकारी सुशासन, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और गरीबी उन्मूलन जैसे क्षेत्रों में सार्थक योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रशासन को अधिक जनोन्मुखी और प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है तथा नई नियुक्तियों के साथ यह प्रक्रिया और मजबूत होगी।
अंत में मुख्यमंत्री ने सभी सफल अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सरकार प्रतिभाशाली युवाओं को अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है और वे अपने कर्तव्यों का निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करें।