छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने भारतीय संस्कृति में मां के सर्वोच्च स्थान पर प्रकाश डालते हुए सोशल मीडिया पर एक भावपूर्ण वीडियो शेयर किया है। मुख्यमंत्री ने अपनी भावनाओं को कविता की पंक्तियों में अभिव्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पोस्ट किया है। इसके साथ ही राहुल गांधी पर तंज कसते हुए निशाना भी साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं। इतने बड़े नेता को इस तरह से करना शोभा नहीं देता है। वे अपने आचरण और व्यवहार से पूरे देश में एक्सपोज हो रहे हैं। यह कतई उनके लिए सही नहीं है।
"माँ है ममता, माँ है करुणा, माँ जीवन का आधार है,
माँ के चरणों में समर्पित पूरा ये संसार है।
माँ का करे अपमान वो कुपुत्र ही कहलायेगा,
माँ का करे तिरस्कार वो कहीं ठौर न पायेगा।”
ओडिशा के राज्यपाल कंभमपति से की मुलाकात
सीएम साय ने कहा कि वे दो दिन का ओडिशा प्रवास पर थे। कल ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से मुलाकात हुई और विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। जो महानदी जल का मामला है, वह बहुत जल्द सुलझने वाला है, क्योंकि दोनों प्रदेशों में भाजपा की सरकार है और केंद्र में भी एनडीए की सरकार है। ऐसे में कहीं कोई विवाद की स्थिति नहीं है। दोनों प्रदेशों के हित को देखते हुए बहुत जल्द इसका समाधान होगा। कल शाम जगन्नाथ महाप्रभु का दर्शन पूजन किए और छत्तीसगढ़ की खुशहाली की कामना किए। आज भुवनेश्वर स्थित लोक भवन में ओडिशा के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति से मुलाकात की। इस दौरान विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की।