कुलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों के परिवारों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने घटना की निंदा करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की मौत के बाद राज्य सरकार ने उनके परिवारों को आर्थिक सहायता देने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के मेहनतकश श्रमिकों की इस तरह आतंकियों द्वारा हत्या बेहद दुखद और अमानवीय घटना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में दोनों परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने आतंकी हमले की कड़ी शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि आतंक फैलाने वाली ऐसी घटनाओं का सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है। उन्होंने दिवंगत श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय पीड़ा सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
विज्ञापन
सरकार की ओर से घोषित आर्थिक सहायता का उद्देश्य पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत प्रदान करना है। साथ ही प्रशासन को आवश्यक समन्वय कर सभी जरूरी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।