छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किसानों के लिए राहत योजना का एलान किया है। बघेल ने कहा है कि किसानों को धान का 2500 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य दिलाने के लिए नई योजना शुरू की जाएगी।
विधानसभा में मंगलवार को शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन सदन में चर्चा के बाद ध्वनि मत से चार हजार 546 करोड़ 81 लाख 61 हजार 521 रुपये का द्वितीय अनुपूरक बजट पारित कर दिया गया।
अनुपूरक बजट पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम साफ नीयत से किसानों के साथ खड़े हैं, उनके साथ न्याय होगा और उनकी जेब में प्रति क्विंटल धान का 2500 रुपये जाएगा। किसानों को धान के समर्थन मूल्य और 2500 रुपये के अंतर की राशि दिलाने के लिए नई योजना शुरू की जाएगी।