लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए बेशक बड़े शहरों में कोई खास प्रयास नहीं हो रहे हों लेकिन छत्तीसगढ़ के पिछड़े जिले जसपुर में इसके लिए अनोखी मुहिम चलाई जा रही है। जहां रक्षाबंधन पर सफाई को बढ़ावा देने के लिए स्वच्छ बंधन दिवस अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 18 अगस्त को होने वाले रक्षाबंधन पर्व पर बहनें अपने भाइयों से घरों में शौचालय बनाने की अपील करेंगी। सोमवार से इस अभियान की शुरूआत हुई।
रैली के पहले दिन तीस हजार से ज्यादा ग्रामीण और स्थानीय लोग इसमें शामिल रहे। जिला कलेक्टर प्रियंका शुक्ला, खादी ग्रामोद्योग के अध्यक्ष कृष्ण कुमार रॉय और जिला पंचायत के सीईओ दीपक सोनी के नेतृत्व में इस रैली का आयोजन किया गया।
जसपुर में आठ ब्लॉक हैं जहां यह रैली निकाली जाएगी। महीने भर तक चलने वाले स्वच्छ बंधन अभियान के दौरान रैली जिले के हर गांव से होकर गुजरेगी। रैली से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि रैली के लिए 18 जुलाई का समय इसलिए रखा गया है कि क्योंकि ठीक एक महीने बाद देशभर में रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया जाएगा तब सब महिलाएं और युवतियां अपने भाईयों से अपनी रक्षा का वचन मांगेंगी। जसपुर जैसे पिछड़े इलाके में जागरूकता का यह अभियान दूसरे शहरों के लिए भी एक प्रेरणा का काम कर रहा है।