छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को दो किशोरियों से बलात्कार के मामला सामने आया हैं। राज्य के बलरामपुर और मरवाही जिले में दुष्कर्म की घटनाएं हुई हैं। बलरापुर जिले में 14 वर्षीय किशोरी के साथ बलात्कार और उसकी हत्या कर शव को कुएं में फेंकने के आरोप में पुलिस ने 17 वर्षीय लड़के को हिरासत में लिया है। बलरामपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र की इस घटना के संबंध में पुलिस ने एक लड़के को हिरासत में लिया है।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में कोरोना वायरस का भय दिखाकर सात वर्षीय बालिका से बलात्कार का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। जिले के पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि जिले के मरवाही थाना क्षेत्र के एक गांव में सात वर्षीय बालिका से बलात्कार के मामले में पुलिस ने दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है।
मरवाही थाना के प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि एक जुलाई की देर रात बालिका की मां ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी सात वर्षीय बेटी दोपहर में लकड़ी एकत्र करने जंगल की तरफ गई थी। जंगल से वापस आने के बाद उसने बताया कि दो नाबालिग लड़कों ने उसे रास्ते में घेर लिया और कहा कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई है और उसे इलाज की जरूरत है।
बालिका की मां ने पुलिस को बताया कि इलाज के बहाने दोनों लड़के बच्ची को एक आरोपी के घर ले गए और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। कुमार ने बताया कि बालिका की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और अगले दिन दोनों लड़कों को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित बालिका की इलाज व्यवस्था की गई है।