छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री रामसेवक पैंकरा के भतीजे शमोध पर रेप का आरोप लगा है। 21 वर्षीय महिला का आरोप है कि शमोध ने प्रेमजाल में फांसकर वर्ष 2014 में उसके साथ कई बार संबंध बनाए। इसके लिए उसने उससे शादी का वादा भी किया। बाद में उसके गर्भवती होने पर वह शादी से मुकर गया।
उसने दावा किया कि वह शमोध के बच्चे की मां है जो अब ढाई साल का है। पुलिस ने उसकी शिकायत पर शमोध पैंकरा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एसपी सूरजपुर गिरिजाशंकर जायसवाल ने बताया कि आरोपी की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। महिला का दावा है कि वह घटना के वक्त नाबालिग थी। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। इस मामले में गृहमंत्री की ओर से संदेशों और फोन कॉल्स का कोई जवाब नहीं मिला है।