पिछले साल भी गिरी थी यही दीवार, PWD ने बनाई थी
रायपुर में सोमवार को दिन की शुरुआत तेज धूप से हुई। दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और दक्षिण से आए बादल शाम तक पूरे शहर में छा गए। फिर 3.45 बजे से 4.45 बजे तक मूसलाधार बारिश हुई। इस दौरान रायपुर के सिविल लाइन स्थित PWD मंत्री ताम्रध्वज साहू के बंगले की दीवार ढह गई। गनीमत रही की हादसे के समय वहां कोई मौजूद नहीं था। बताया जा रहा है कि पिछले साल भी यह दीवार गिरी थी। इसके बाद इसकी मरम्मत PWD विभाग ने ही की थी। अब दीवार गिरने से विभाग निशाने पर है।
प्रदेश के कई इलाकों में आज भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से पर्याप्त मात्रा में नमी आ रही है। इसके कारण मध्यम स्तर की बरसात की संभावना कई इलाकों में बनी हुई है। मंगलवार को भी एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात भी हो सकता है।