छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने 30 किलो गांजा बरामद किया है। इसकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी गांजा लेकर बाइक से मध्य प्रदेश जा रहा था। मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली की बिलासपुर की ओर से एक व्यक्ति बाइक पर अवैध रूप से गांजा का परिवहन कर मध्यप्रदेश की ओर जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने बसंतपुर तिराहा पर नाकाबंदी की और वाहनों की चेकिंग शुरू की गई। कुछ देर बाद बाइक पर एक युवक आता दिखाई दिया। उसे रोककर तलाशी ली गई तो तीन बैग में 30 किलो गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत 147500 रुपये बताई जा रही है।