पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने पांच राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल किए हैं। फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में राज्य को पहला स्थान मिला। बड़े बचेली, दंतेवाड़ा और बिलासपुर के नगरीय निकायों को भी डिजिटल लेनदेन में राष्ट्रीय सम्मान मिला है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
केंद्र सरकार की पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य ने देशभर में पांच राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल किए हैं। इस योजना के तहत तेजी से काम करने वाली फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में छत्तीसगढ़ ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
विज्ञापन
नई दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 समारोह में राज्य की ओर से उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने ये सम्मान ग्रहण किए। इस उपलब्धि के तहत राज्य के तीन नगरीय निकायों बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को भी विभिन्न श्रेणियों में राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया गया है।
डिजिटल लेनदेन में नगरीय निकायों का प्रदर्शन
डिजिटल लेनदेन यानी डिजिटल अडॉप्शन को बढ़ावा देने के मामले में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने शानदार प्रदर्शन किया है। एक लाख से कम आबादी वाले निकायों की श्रेणी में बड़े बचेली ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि दंतेवाड़ा को दूसरा स्थान मिला है। इसके साथ ही एक लाख से 10 लाख तक की आबादी वाले निकायों की श्रेणी में बिलासपुर नगर निगम ने देश भर में दूसरा स्थान हासिल किया है। नई दिल्ली के इस भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
छोटे कारोबारियों के लिए मददगार योजना
पीएम स्वनिधि योजना केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। इसके तहत सड़क किनारे दुकान लगाने वाले छोटे कारोबारियों और पथ विक्रेताओं को अपना कारोबार बढ़ाने के लिए बैंक के माध्यम से बिना किसी गारंटी के कर्ज प्रदान किया जाता है। योजना के अंतर्गत समय पर कर्ज चुकाने वाले विक्रेताओं को आगे और अधिक राशि का ऋण लेने का अवसर मिलता है। इस योजना का मूल उद्देश्य छोटे दुकानदारों को आर्थिक सहायता पहुंचाना और उन्हें डिजिटल भुगतान की मुख्यधारा से जोड़कर स्वरोजगार के नए अवसर देना है।
मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री ने दी बधाई
छत्तीसगढ़ की उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाने में संबल प्रदान कर रही है। राज्य को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना प्रदेश के लिए गर्व की बात है और यह योजना के कुशल क्रियान्वयन व नए प्रयासों का ही सुखद परिणाम है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इस सफलता का श्रेय विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के निरंतर प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि योजना के जरिये विक्रेताओं को बैंक ऋण और डिजिटल कारोबार की बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।