छत्तीसगढ़ राज्य सरकार ने औद्योगिक कारखानों, भवन तथा निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों की सामाजिक व स्वास्थ्य सुरक्षा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नए नियमों का खाका तैयार किया है। प्रस्तावित व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा नियम, 2026 के तहत 40 वर्ष की आयु पूरी कर चुके प्रत्येक कर्मचारी की प्रतिवर्ष नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच कराना अब नियोक्ता के लिए अनिवार्य होगा। इसके साथ ही नियमित ठेका श्रमिकों को हर वर्ष न्यूनतम दो प्रतिशत की वेतन वृद्धि का अधिकार देने और महिलाओं की रात्रि पाली में काम से जुड़ी सुरक्षा शर्तों को अधिक सख्त बनाने के प्रावधान शामिल किए गए हैं।
कर्मचारियों की वार्षिक मुफ्त स्वास्थ्य जांच
नियम 5 के अनुसार कारखानों, भवन निर्माण तथा राज्य सरकार द्वारा अधिसूचित किए जाने वाले विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में 40 वर्ष से अधिक उम्र के कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण हर साल कराना होगा। नियोक्ता यह मेडिकल जांच किसी योग्य चिकित्सा विशेषज्ञ के माध्यम से निर्धारित प्रारूप में कराएगा। जांच पूरी होने के बाद चिकित्सा प्रमाणपत्र की एक-एक प्रति नियोक्ता और संबंधित कर्मचारी दोनों को दी जाएगी। सरकार ने यह विकल्प भी दिया है कि नियोक्ता चाहें तो कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के माध्यम से भी कर्मचारियों की यह वार्षिक जांच प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं।
ठेका श्रमिकों के लिए वेतन वृद्धि का प्रावधान
नियम 123 में ठेका श्रमिकों के आर्थिक कल्याण के संबंध में विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत किसी ठेकेदार के अधीन नियमित रूप से किसी गतिविधि में कार्यरत ऐसे श्रमिक, जिनका नियोजन आपसी सहमति से तय की गई रोजगार शर्तों के अधीन संचालित हो रहा है, वे प्रतिवर्ष अपने वेतन में कम से कम दो प्रतिशत की वृद्धि पाने के हकदार होंगे। राज्य सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि वेतन वृद्धि का यह प्रावधान विशेष रूप से नियमित रूप से नियोजित ठेका श्रमिकों पर लागू होगा और इसे सभी प्रकार के ठेका श्रमिकों पर स्वतः लागू नहीं माना जाएगा।
महिला कर्मियों की रात्रि पाली के कड़े सुरक्षा नियम
नियम 38 के अंतर्गत महिला कर्मचारियों से रात्रि पाली यानी सुबह छह बजे से पूर्व और शाम सात बजे के पश्चात कार्य कराने के संबंध में कड़े सुरक्षा मानक तय किए गए हैं। इस समय अवधि में कार्य कराने के लिए महिला कर्मचारी की लिखित सहमति निर्धारित फॉर्म-19 में प्राप्त करना अनिवार्य होगा।इसके साथ ही नियोक्ता को महिला कर्मचारियों के घर तक आने-जाने के लिए परिवहन सुविधा मुहैया करानी होगी। कार्यस्थल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, आश्रय स्थल, विश्राम कक्ष तथा रात में बच्चों की देखरेख हेतु क्रेच की व्यवस्था भी करनी होगी। इसके अलावा महिला कर्मचारियों की शिकायतों के समाधान के लिए शिकायत पेटी रखने के साथ-साथ स्थानीय पुलिस थाने, पुलिस नियंत्रण कक्ष तथा महिला सहायता केंद्र के फोन नंबर प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करना भी जरूरी होगा।