छत्तीसगढ़ के जशपुर स्थित एक गांव में पंचायत ने दुष्कर्म की कोशिश करने वाले युवक को दो थप्पड़ मारकर और पैर छूने पर माफ कर दिया। इससे पहले दुष्कर्म की कोशिश करने पर लड़की के पक्ष के लोग थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाने गए थे।
लड़की के परिजनों का आरोप है कि थानेदार ने रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया। मामले की जानकारी होने पर जिले के पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वह मामले की जांच करा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, कॉलेज से लौट रही छात्रा को लिफ्ट देने के बहाने आरोपी ने गाड़ी में बैठा लिया। लेकिन, उसने घर लेकर जाने की जगह सुनसान इलाके में दुष्कर्म की कोशिश की। हालांकि, लड़की यहां से भागकर परिवार के पास पहुंच गई।
परिवार के लोगों ने स्थानीय थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाने की कोशिश की लेकिन थानेदार ने मना कर दिया। इसके बाद मामला पंचायत के सामने आया।