छत्तीसगढ़ के पीआर ए ग्रुप, बर्बरीक ग्रुप और रायगढ़ इस्पात समेत कारोबारी समूहों पर आयकर विभाग की कार्रवाई चौथे दिन भी जारी है। बर्बरीक कंस्ट्रक्शन के 225 करोड़ के लेन-देन, 15 करोड़ नकद और 25 बैंक लॉकरों में मिले आभूषणों की जांच की जा रही है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
छत्तीसगढ़ के प्रमुख इस्पात और इंफ्रास्ट्रक्चर कारोबारी समूहों पर आयकर विभाग की कार्रवाई शनिवार को चौथे दिन भी जारी रही। पीआरए ग्रुप, बर्बरीक ग्रुप, रायगढ़ इस्पात और जेपी मित्तल से जुड़े ठिकानों पर चल रही इस जांच में बर्बरीक कंस्ट्रक्शन के लगभग 225 करोड़ रुपये के लेन-देन विभाग के रडार पर हैं। इसके साथ ही विभिन्न ठिकानों से करीब 15 करोड़ रुपये नकद और 25 बैंक लॉकरों से 20 करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण मिलने का अनुमान है।
विज्ञापन
सुरक्षा व्यवस्था और विस्तृत जांच
मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के लगभग 120 आयकर अधिकारियों की टीम केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 80 जवानों की सुरक्षा में यह जांच कर रही है। भोपाल स्थित केंद्रीय टीम की निगरानी में रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सरगुजा और सूरजपुर सहित राज्य के छह जिलों में 32 से अधिक स्थानों पर पड़ताल जारी है। इसके अलावा मुंबई, नागपुर, रांची और जमशेदपुर में भी कारोबारी समूहों से जुड़े 50 ठिकानों पर दबिश दी गई है। विभिन्न स्थलों से प्राप्त सभी जानकारियों को रायपुर स्थित मुख्यालय में एकत्रित किया जा रहा है। विभाग की टीमें कंपनियों के खरीद-बिक्री बिलों, घोषित आय और बैंक खातों की गहन जांच कर रही हैं।
डिजिटल सबूत और शेयर निवेश
आयकर विभाग की टीमों ने विभिन्न कार्यालयों से लैपटॉप, पेन ड्राइव और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं। इन डिजिटल उपकरणों और कच्चे हिसाब-किताब की बहियों के माध्यम से कंपनियों के आपसी वित्तीय लेन-देन तथा नेटवर्क की सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। जांच अधिकारी रायगढ़ इस्पात लिमिटेड के शेयर बाजार में किए गए निवेश और कंपनी द्वारा आईपीओ लाने की तैयारियों से जुड़े बिंदुओं की भी विस्तृत पड़ताल कर रहे हैं। इसके साथ ही बैंक लॉकरों से बरामद आभूषणों के मूल्यांकन की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी की जा रही है।
विज्ञापन
कारोबारी नेटवर्क और प्रमुख ठिकाने
कारोबारी समूह मुख्य रूप से सड़क, पुल, भवन निर्माण, इस्पात, सरिया, स्पंज आयरन और कोयला कारोबार से जुड़े हैं। प्रह्लाद राय अग्रवाल द्वारा स्थापित पीआरए ग्रुप निर्माण क्षेत्र में कार्यरत है, जबकि बर्बरीक ग्रुप और रायगढ़ इस्पात का प्रबंधन एक ही परिवार के छह भाई संभालते हैं। इस समूह की प्रमुख इकाई बर्बरीक प्रोजेक्ट्स लि.का मुख्यालय रायपुर में है। इन समूहों का व्यावसायिक विस्तार छत्तीसगढ़ के अतिरिक्त झारखंड और ओडिशा तक फैला हुआ है। रायगढ़ के ढिमरापुर स्थित कृष्णा कॉम्प्लेक्स में मुदणा होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड के तीन दफ्तरों, कोतरारोड स्थित बर्बरीक विला में बजरंग अग्रवाल व श्रवण अग्रवाल के परिसरों और अंबिकापुर में रमेशचंद्र अग्रवाल के निवास पर भी व्यापक छानबीन की गई है।