आईपीएस बद्रीनारायण मीणा को मिली बस्तर आईजी की जिम्मेदारी
- फोटो : अमर उजाला
छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बद्रीनारायण मीणा को बस्तर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया है। गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वर्तमान में पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर में आईजी के रूप में पदस्थ मीणा को आगामी आदेश तक बस्तर रेंज, जगदलपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बस्तर रेंज प्रदेश का सबसे संवेदनशील और नक्सल प्रभावित क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में यहां आईजी की नियुक्ति को प्रशासनिक और सुरक्षा दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। नए दायित्व के तहत मीणा क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा रणनीति और नक्सल विरोधी अभियानों की निगरानी करेंगे।
राजस्थान मूल के बद्रीनारायण मीणा वर्ष 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। यूपीएससी परीक्षा में सफलता के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ कैडर मिला था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2004 में की और इसके बाद राज्य के कई महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दीं। मीणा बलरामपुर, कबीरधाम, राजनांदगांव, जगदलपुर, कोरबा, बिलासपुर, रायपुर, रायगढ़ और दुर्ग जैसे जिलों में एसपी और एसएसपी रह चुके हैं। कम्युनिटी पुलिसिंग और जनसहभागिता आधारित पुलिस व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए भी उन्हें जाना जाता है। वे बिलासपुर और दुर्ग रेंज के आईजी सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं।
सुंदरराज पी के केंद्र प्रतिनियुक्ति पर जाने से खाली हुआ पद
बस्तर रेंज के पूर्व आईजी सुंदरराज पी को हाल ही में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में इंस्पेक्टर जनरल के पद पर नियुक्त किया गया है। उनके केंद्र में पदस्थ होने के बाद बस्तर आईजी का पद रिक्त हो गया था, जिसे अब बद्रीनारायण मीणा को सौंपा गया है। बस्तर में सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए मीणा के अनुभव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की रणनीति, स्थानीय पुलिसिंग और विकास कार्यों के समन्वय में उनकी भूमिका अहम रहेगी। सरकार को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास की दिशा में चल रहे प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।