छत्तीसगढ़ में आईएएस से नेता बने ओमप्रकाश चौधरी का 'धमकी' भरा वीडियो वायरल हो गया है। हाल ही में भाजपा में शामिल होने वाले रायपुर के पूर्व डीएम को पार्टी ने खरसिया सीट से टिकट दिया है। एक चुनावी सभा में मतदाताओं को धमकी भरे अंदाज में उन्होंने कहा कि जो मेरा साथ नहीं देगा, मैं उस पर कहर बनकर टूटूंगा।
वो यहीं नहीं रुकते। 2005 बैच के आईएएस चौधरी प्रधानमंत्री मोदी और रमन सिंह की तारीफ करते हुए कहते हैं, "सबको ये पता होना चाहिए कि मोदी जी 2019 में प्रचंड बहुमत से केंद्र में सरकार बना रहे हैं। सबको पता होना चाहिए कि 2018 में छत्तीसगढ़ में रमन सिंह फिर से चौथी बार सरकार बना रहे हैं। भाजपा का हिस्सा होने के कारण मैं भी बहुत पावरफुल आदमी रहूंगा. जो सही चीजों के लिए मेरा साथ देगा, मैं हमेशा उसके साथ रहूंगा। जो सही चीजों में मेरा साथ नहीं देगा, मैं उस पर कहर बनकर टूटूंगा।"
भाजपा ने जिस खरसिया सीट से चौधरी को टिकट थमाया है वो सालों से कांग्रेस का गढ़ रही है। कांग्रेस के नंदकुमार पटेल ने 1990 में यहां से चुनाव लड़ा और वो लगातार 2013 तक विधायक रहे। उनकी मौत के बाद उनके बेटे उमेश पटेल को पार्टी ने टिकट दिया। इस बार भी भाजपा के ओपी चौधरी का मुकाबला कांग्रेस के उमेश पटेल से है।