छत्तीसगढ़ में एक राजनीतिक घटनाक्रम में दंतेवाड़ा की मौजूदा विधायक व कांग्रेस उम्मीदवार देवकी कर्मा के पुत्र छविंद्र कर्मा ने समाजवादी पार्टी का टिकट लौटा दिया है। वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता चाहते हैं कि वह किसी भी दल से चुनाव न लड़ें।
छविंद्र अब दंतेवाड़ा से निर्दलीय उम्मीदवारी करेंगे और अपनी मां देवकी कर्मा के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। छविंद्र कर्मा दंतेवाड़ा की स्थानीय कांग्रेस की राजनीति देखते रहे हैं और उन्होंने कांग्रेस से टिकट का दावा किया था।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र दंतेवाड़ा में महेंद्र कर्मा की हत्या के बाद वहां की राजनीतिक विरासत देवकी कर्मा को मिली थी और वह दंतेवाड़ा से विधायक हो गई थीं। टिकट वितरण से पहले माना जा रहा था कि इस बार कांग्रेस देवकी कर्मा की जगह छविंद्र कर्मा को मैदान में उतार दे, लेकिन कांग्रेस ने दोबारा देवकी पर विश्वास जताया, तो छविंद्र कांग्रेस से बागी हो गए।
कांग्रेस आलाकमान ने छविंद्र को मनाने को काफी कोशिश की लेकिन उन्होंने सपा का दामन थाम लिया था। लेकिन अब उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरने का निर्णय कर लिया है।