देश में बड़े-बड़े राज्यों के बाद छोटे राज्यों में पहुंचा कोरोना अब गांवों में पैर पसारने लगा है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए छत्तीसगढ़ के दो जिलों में शादी पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और सूरजपुर में जिलाधिकारियों ने शादियों पर रोक लगा दी है।
इस संबंध में दोनों जिलाधिकारियों ने आदेश भी जारी कर दिया है। इसलिए शनिवार से जो शादियां इन जिलों में होनी भी थीं, उन्हें रद्द कर दिया गया है। जिले में सभी अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं कि वो इस बात का ध्यान रखें कि नियमों का पालन हो।
दोनों जिलों के जिलाधिकारियों की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि शुक्रवार को होने वाली शादियों को छोड़कर कल यानी शनिवार से होने वाली शादियों की व्यवस्था को रद्द किया जाए। इस संबंध में एक लिखित आदेश भी जारी किया जाए और उसकी रसीद जरूर प्राप्त कर लें। बता दें कि इससे पहले शादी में सिर्फ आठ लोगों के शामिल होने की अनुमति थी।
इसके अलावा लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने पर सूरजपुर के भैयाथान रोड स्थित गुप्ता स्टील और अनुष्का गारमेंट्स पर कार्रवाई की गई थी। दोनों दुकानदार आधा शटर खोलकर ग्राहकों को सामान बेच रहे थे। जैसे ही प्रशासन को वहां सूचना मिली, वो मौके पर पहुंचे और दुकानदार को रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद दुकान को सील कर दिया गया।
बता दें कि बिलासपुर और सूरजपुर में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। कोरोना के संंक्रमित मामलों के साथ-साथ मरने वाले मरीजों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए 17 मई तक लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया गया है।