छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने कोयला लेवी घोटाला मामले में ईओडब्ल्यू और एसीबी द्वारा दायर पूरक आरोपपत्र में अपना नाम शामिल किए जाने के खिलाफ आईएएस अधिकारी जयप्रकाश मौर्य की अग्रिम जमानत याचिका पर राज्य सरकार से जवाब मांगा है। जांच एजेंसी द्वारा मामले की केस डायरी प्रस्तुत करने के बाद अदालत ने सुनवाई के उपरांत शासन को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया।
प्रशासनिक फैसलों पर आरोप
जांच एजेंसी ने 5 अक्तूबर को विशेष अदालत में छठा पूरक आरोपपत्र दाखिल किया था। इस चालान में खनिज साधन विभाग के पूर्व संचालक आईएएस जयप्रकाश मौर्य का नाम शामिल किया गया है। एजेंसी ने जब्त डायरियों के हवाले से दावा किया है कि तत्कालीन खनिज संचालक ने मामले के मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी से करीब करोड़ रुपये नकद हासिल किए थे।
एजेंसी का आरोप है कि जुलाई 2020 में ऑनलाइन ई-परमिट से पहले जिला खनिज अधिकारी की स्वीकृति अनिवार्य करने और जनवरी 2022 में ट्रांजिट-पास व्यवस्था लागू करने जैसे प्रशासनिक बदलावों से गिरोह को अवैध वसूली में सीधी मदद मिली। जांच के अनुसार बिना किसी ठोस राजस्व हानि के आधार के ये प्रशासनिक फेरबदल किए गए थे और इस अवैध कमाई का उपयोग संपत्तियां खरीदने में किया गया।
मामले की जांच और स्थिति
कोयला लेवी घोटाले में एसीबी, ईओडब्ल्यू और प्रवर्तन निदेशालय ने पूर्व कलेक्टर रानू साहू, सूर्यकांत तिवारी, पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी तथा अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में अग्रिम जमानत के लिए आईएएस अधिकारी ने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।
आईएएस मौर्य की पत्नी और पूर्व कलेक्टर रानू साहू भी इसी कोयला घोटाला मामले में लगभग डेढ़ साल तक जेल में रहने के बाद वर्तमान में जमानत पर बाहर हैं। अदालत ने उन्हें राज्य से बाहर रहने का निर्देश दिया है, जिसके कारण वे छत्तीसगढ़ से बाहर रह रही हैं।