छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के एक रिश्तेदार के परिसरों पर छापेमारी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार की बुधवार को आलोचना की। साथ ही बघेल ने भगवा पार्टी पर चुनाव के दौरान राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि हम जानना चाहते हैं कि केंद्रीय एजेंसियों द्वारा केवल उन्हीं राज्यों में छापेमारी क्यों की जाती है, जहां गैर-भाजपा दल सत्ता में हैं। बघेल दिल्ली और चुनाव वाले उत्तर प्रदेश के चार दिवसीय दौरे से लौटने के बाद बुधवार शाम रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात कर रहे थे।
जब संवाददाताओं ने उनसे चन्नी के भतीजे के परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी के बारे में सवाल किया, तो छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां-जहां चुनाव होते हैं, उन राज्यों में विपक्ष के लोगों के परिसरों पर छापे मारे जाते हैं, ताकि लोगों को डराया- धमकाया जा सके।