मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ध्वजारोहण के बाद राज्य की जनता के नाम अपने संदेश में चार नए जिलों और 18 नई तहसीलों के गठन की घोषणा की। नए जिलों के गठन के बाद राज्य में अब 32 जिले होंगे। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राज्य में चार नए जिलों और 18 नई तहसीलों के गठन की घोषणा की है। नए जिलों के गठन के बाद राज्य में अब 32 जिले होंगे। मुख्यमंत्री बघेल ने रविवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन की सुविधाओं को जनता के निकट लाना सरकार का प्रमुख लक्ष्य है, इसलिए मैंने मुख्यमंत्री बनने के आठ महीने के भीतर 15 अगस्त 2019 को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला बनाने का एलान किया था। उन्होंने इस दौरान राज्य में जिलों का पुनर्गठन करते हुए चार नए जिलों मोहला-मानपुर, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मनेन्द्रगढ़ बनाने का एलान किया। साथ ही 18 नई तहसीलों के गठन की घोषणा की।
हायर एजुकेशन में उम्र सीमा खत्म
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि पुरानी व्यवस्था के तहत राज्य के महाविद्यालयों में स्नातक तथा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयु-सीमा का बंधन है। आज मैं उच्च शिक्षा के लिए आगे बढ़ने वाले युवाओं के हित में आयु-सीमा के इस बंधन को समाप्त कर रहा हूं। बघेल ने कहा कि भारत में सामाजिक सौहार्द, नागरिकों के बीच एकता और देश की अखण्डता को बचाए रखने के लिए भी अनेक सपूतों ने कुर्बानी दी। उत्तरप्रदेश में गणेश शंकर विद्यार्थी शहीद हुए थे, उन्हीं मूल्यों और सिद्धांतों के लिए। महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी भी शहीद हुए। शहादत की यह परंपरा इतनी विस्तृत है कि हर प्रदेश में, ऐसी हस्तियों की यादें समाई हुई हैं, जिन्हें सिर्फ आज के दिन ही नहीं बल्कि हर दिन याद करने और उनके बताए रास्ते पर चलने की जरूरत है।
विज्ञापन
प्रदेश में तेजी से हो रहा विकास
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बरसों से लंबित समस्याओं का हल पौने तीन वर्षों में हुआ है और अब प्रदेश की फिजा में हर ओर विकास के नए रंग उभरने लगे हैं। विरासत में मिली नक्सलवाद की समस्या पर अंकुश लगाने में मिल रही सफलता उत्साहवर्धक है। बस्तर फाइटर्स बटालियन के तहत दो हजार 800 नए पदों पर भर्ती की जाएगी। नक्सल प्रभावित जिलों में 63 सुदृढ़ पुलिस थाना भवनों का निर्माण किया जा रहा है। पुलिस बल के आधुनिकीकरण के लिए कार्ययोजना मंजूर की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य में 18 हजार 492 करोड़ रुपए के पूंजीनिवेश से एक हजार 145 नए उद्योग स्थापित हुए हैं और 28 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है।