छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुंडे, बदमाश बेखौफ घूम रहे हैं। चाकू-छुरी दिखाकर डराने धमकाने का काम कर रहे हैं। लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ऐसा ही एक मामला धरसींवा थाने क्षेत्र से सामने आया है, जहां 4 बदमाशों ने शराब पीने के लिए एक व्यक्ति से पैसों की मांग की, नहीं देने पर उसे जमकर पीटा। इसके बाद लोहे के रॉड से उसके सिर पर वार कर गंभीर चोट पहुंचाई। फिलहाल, पुलिस ने चारों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।
सिलतरा धरसींवा निवासी प्रार्थी विनोद कुमार सोनी ने धरसींवा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाया। रिपोर्ट में बताया कि खुद का सोनी किराना स्टोर्स चलाता है। बीते दिनों रविवार रात को भाई के साथ दुकान बंद करने के दौरान चरौदा निवासी किशन वर्मा अपने साथियों के साथ दुकान में आया। इसके बाद विनोद से शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगा। पार्टी उसे बार-बार पैसे नहीं है कहते रहा और बदमाश मांग करते रहा।
'लोहे के रॉड से किया जानलेवा हमला'
इसके बाद बदमाश दुकानदार विनोद को गाली-गलौज करने लगा। दोनों के बीच झगड़ा बड़ते गया और मारपीट करने लगे। इस दौरान बदमाशों ने लोहे के रॉड से प्रार्थी के सिर पर वार कर दिया और उसके सिर पर गंभीर चोट पहुंचाकर चारों बदमाश फरार हो गए। इस पर प्रार्थी ने आरोपियों के खिलाफ थाना धरसींवा में अपराध क्रमांक 424/23 धारा 327, 323, 294, 34 अपराध दर्ज करवाया।
चारों आरोपी गिरफ्तार
इसके बाद चौकी सिलतरा पुलिस घटना के संबंध में आरोपियों की पतासाजी में जुट गई। घटना के बारे में प्रार्थी और घटना स्थल में मौजूद उसके भाई से पूछताछ की। बदमाशों के छिपने के जगहों पर छापा मारा। इस दौरान घटना में संलिप्त आरोपी किशन वर्मा, सोहेल खान, राहुल वर्मा और नूतन यादव को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 1 लोहे का रॉड जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- किशन वर्मा 23 साल, निवासी ग्राम चरौदा फूलचौक, थाना धरसींवा, रायपुर
- सोहेल खान 23 साल, निवासी भाठापारा चरौदा, थाना धरसींवा, रायपुर
- राहुल वर्मा 24 साल, निवासी ग्राम चरौदा, थाना धरसींवा, रायपुर
- नूतन यादव 30 साल, निवासी चरौदा, थाना धरसींवा, रायपुर