कांग्रेस छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 12 नवंबर को 18 सीटों पर होने वाले मतदान के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची आज तय कर सकती है। बीजेपी भी अगले हफ्ते तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है। 23 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है।
प्रदेश कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व पिछले दो दिनों से दिल्ली में मौजूद है, जहां स्क्रीनिंग कमेटी उम्मीदवारों के चयन को लेकर बैठक कर रही है। विधानसभा के 90 सीटों में से 18 सीटों के लिए 12 नवंबर को मतदान होंगे, जिसमें नक्सल प्रभावित बस्तर रेंज और राजनंदगांव जिले के निर्वाचन क्षेत्र भी शामिल हैं। मतदान का दूसरा चरण 20 नवंबर को है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की एक कोर कमेटी की भी घोषणा की। जिसमें एआईसीसी के महासचिव और छत्तीसगढ़ के प्रभारी पीएल पुनिया, भूपेश बघेल, टी एस सिंघदेव, चरण दास महंत, अरविंद नेताम, कमला महार और ताम्रध्वज साहू शामिल हैं।
इस कदम को आपसी कलह के आरोपों से जूझ रही प्रदेश कांग्रेस में सामूहिक नेतृत्व को मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। पिछले महीने वरिष्ठ नेताओं की कथित सीडी सामने आई थी जिसमें वे एक दूसरे के खिलाफ खेमेबाजी कर रहे थे।
हालांकि छत्तीसगढ़ में कुछ लोग इसे प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल का कद छोटा करने की कोशिश के रूप में देख रहे हैं। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से एकजुट थी। उन्होंने कहा, "यहां तक कि जब कार्यकारी अध्यक्षों की घोषणा की गई थी, तब भी ऐसे आरोपों लगाए गए थे, लेकिन समय के साथ लोगों को एहसास हुआ कि उनमें कोई सच्चाई नहीं है।"
पार्टी के सोशल मीडिया प्रकोष्ठ ने गुरुवार को "रमन सिंह का उल्टा चश्मा" नाम से एक वीडियो लॉन्च किया। यह वीडियो सभी प्रचार माध्यमों खासतौर पर व्हाट्सएप पर कांग्रेस के अभियान का आधार होगा।