मध्यप्रदेश और राजस्थान में कांग्रेस मुख्यमंत्रियों के नाम तय हो चुके हैं। अब बारी छत्तीसगढ़ की है। इन दोनों राज्यों में उन्होंने अनुभव को युवा जोश पर तरजीह दी। बताया जा रहा है कि शाम 5 बजे तक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की तरफ से नाम पर फैसला हो जाएगा। कयासों के बीच सभी को इंतजार है उस तस्वीर का जो राहुल गांधी अपने ट्वीटर हैंडल से पोस्ट करेंगे। वो तस्वीर जिसमें नेताओं की भाव भंगिमाएं काफी कुछ बयां करेंगी।
राहुल गांधी ने जिस अंदाज में अपने फैसले के बारे में बताया है वो काफी जुदा रहा है। उन्होंने तस्वीरों के जरिए अपना संदेश पहुंचाया। सीएम के नाम का एलान होने तक इनपर खूब विश्लेषण हुआ। मध्यप्रदेश में सीएम कौन होगा? इस पर दो दिन की माथापच्ची के बाद उन्होंने एक तस्वीर ट्वीट की जिसमें एक तरफ कमलनाथ तो दूसरी तरफ ज्योतिरादित्य सिंधिया थे। तस्वीरों में मौजूद चेहरे बता रहे थे कि कमान किसे मिल रही है। राहुल के बाईं तरफ खड़े कमलनाथ के चेहरे की मुस्कुराहट और भाव भंगिमाएं काफी कुछ बयां कर रही थीं। सिंधिया थोड़े खिंचे से थे। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा था-
धैर्य और समय दो सबसे बड़े योद्धा हैं।
ठीक इसी तर्ज पर राहुल ने राजस्थान के सीएम पर भी फैसले का संकेत किया। इस बार भी उन्होंने एक तस्वीर को ट्वीट किया जिसमें उनके साथ अशोक गहलोत और सचिन पायलट नजर आ रहे थे। सचिन पायलट ने सीएम पद के लिए आखिर तक हार नहीं मानी थी। तस्वीर में उनकी मुस्कुराहट बता रही थी कि उन्हें कुछ तो जरूर मिला है। बाद में एलान हुआ कि पायलट राजस्थान के डिप्टी सीएम होंगे।
इन दो राज्यों से फुर्सत के बाद राहुल ने छत्तीसगढ़ का रुख किया। दिल्ली में बैठक और मंथन का दौर चला। यहां दावेदार ज्यादा हैं। टीएस सिंहदेव, भूपेश बघेल और ताम्रध्वज साहू। इसलिए माथापच्ची भी कुछ ज्यादा है। अब इंतजार है कि राहुल अगर कोई तस्वीर ट्वीट करते हैं तो उनके साथ इसमें कौन नजर आएगा? मुस्कुराहटों से क्या इशारा मिलेगा? छत्तीसगढ़ राज्य जरूर छोटा है लेकिन यहां की सियासत सबसे ज्यादा दिलचस्प हो चली है।