छत्तीसगढ़ में अपने दो साथियों को मारने का आरोपी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का जवान अदालत से फरार हो गया। जवान ने नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में अपने दो साथियों की हत्या कर दी थी। दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि जिला मुख्यालय में स्थानीय अदालत से हत्या का आरोपी जवान संजय निषाद फरार हो गया।
निषाद को सुनवाई के लिए जेल से अदालत भेजा गया था। उन्होंने बताया कि जब स्थानीय अदालत में आज मामले की सुनवाई हुई तब निषाद पुलिस कर्मियों को चकमा देकर वहां से भागा और अदालत की बाहरी दीवार को फांदकर फरार हो गया।
जब निषाद को अदालत लाया गया था तब उसके साथ दो पुलिसकर्मी मौजूद थे। पुलिसकर्मियों ने निषाद को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे असफल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संजय निषाद पर आरोप है कि पड़ोसी जिले बीजापुर के मिंगाचल गांव में स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के शिविर में उसने इस वर्ष 19 जून को अपने दो साथियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद निषाद को निलंबित कर दिया गया तथा वह जेल में था।