छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार रविवार को खत्म हो गया। राज्य में आखिरी दिन भी चुनावी गहमागहमी वाला रहा और रैलियों का दौर चलता रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महासमुंद में रैली कर कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। वहीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने रायपुर में रैली की। यहां दूसरे दौर का मतदान 20 नवंबर को होगा । 72 सीटों के लिए कई हाई प्रोफाइल उम्मीदवारों की साख दांव पर लगेगी।
पहले दौर में 18 सीटों पर मतदान हुआ था जिसमें राजनांदगांव की सीट भी शामिल है जहां सीएम डॉ. रमन सिंह उम्मीदवार हैं और उनके सामने कांग्रेस ने करुणा शुक्ला को खड़ा किया था। दूसरे चरण में राज्य के नौ मंत्री रायपुर दक्षिण से बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम से राजेश मूणत, बिलासपुर से अमर अग्रवाल, बैकुंठपुर से भैयालाल राजवाड़े, प्रतापपुर से रामसेवक पैकरा, मुंगेली से पुन्नूलाल मोहिले, भिलाई नगर से प्रेम प्रकाश पांडेय, नवागढ़ से दयालदास बघेल और कुरूद से अजय चंद्राकर चुनाव मैदान में हैं। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धर्मलाल कौशिक बिल्हा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं।