वैसे भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार ब्रह्मानंद नेताम के नामांकन को रद्द करवाने के लिए कांग्रेस सोमवार को दिनभर लगी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम सोमवार को सुबह कांकेर पहुंचे। यहां उन्होंने भानुप्रतापपुर उपचुनाव के निर्वाचन अधिकारी सुमित अग्रवाल को लिखित शिकायत पेश की। उनका कहना था कि भाजपा से उम्मीदवार बनाए गए ब्रह्मानंद नेताम के खिलाफ झारखंड में सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो और अनैतिक देह व्यापार निषेध कानूनों के तहत मामला दर्ज है।
नामांकन के समय दिये गये शपथपत्र में नेताम ने इस मामले की जानकारी नहीं दी है। यह लोक प्रतिनिधित्व कानून का उल्लंघन है। कांग्रेस अध्यक्ष मोकन मरकाम ने कहा, सूचना छिपाने की वजह से ब्रह्मानंद नेताम का नामांकन खारिज किया जाये। मोहन मरकाम ने बाद में कांकेर के पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात कर इस मामले में कार्रवाई के लिए एक ज्ञापन सौंपा है। इधर प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, रायपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शिव सिंह ठाकुर सहित कई पदाधिकारी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय पहुंचे। उन लोगों ने भी झूठा शपथपत्र देने के आधार पर भाजपा प्रत्याशी का नामांकन रद्द करने की मांग की है। बताया जा रहा है निर्वाचन आयोग ने मामले की जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।