प्रेस कॉन्फ्रेंस लेते बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
CG Politics: छत्तीसगढ़ बीजेपी ने कांग्रेस में मची अंदरुनी घमासान पर कटाक्ष किया है। पार्टी ने कहा कि प्रदेश के कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट यहां के कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट नहीं कर पा रहे हैं। उनके सारे प्रोजेक्ट छत्तीसगढ़ में एक-एक करके फेल हो रहे हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि कांग्रेस नेतृत्वविहीन हो चुकी है और हर मौके पर इसकी पोल खुल रही है।
बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने आज बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि लगातार दौरे पर दौरे करके भी कांग्रेस प्रभारी पायलट एक तो अपने ही सामने बैठकों में नेताओं और कार्यकर्ताओं के आपसी संघर्ष को देखने के लिए विवश हैं। दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी तक की घोषणा तक नहीं करा पाए हैं। दो साल से ज्यादा हो गए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज उधार की कार्यकारिणी के भरोसे प्रदेश कांग्रेस को चला रहे हैं। इधर, पोलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक में पू्र्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पायलट के सामने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के खिलाफ जो मोर्चा खोला था, उस एजेंडे को पूर्व मंत्री रवीन्द्र चौबे ने आगे बढ़ाया पर जिला अध्यक्षों की बैठक में बैज और बघेल समर्थकों में जिस तरह तलवारें खिंची, उससे साफ है कि प्रदेश कांग्रेस में अब 'पीसीसी' (प्रदेश कांग्रेस कमेटी) बनाम 'बीसीसी' (भूपेश कांग्रेस कमेटी) के बीच सत्ता-संघर्ष का नया दौर छिड़ गया है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मिश्रा ने सवाल खड़े करते हुए कहा कि कांग्रेस में इस स्तर की सिर-फुटौव्वल चल रही है कि कोई किसी की बात सुनने को तैयार नहीं है। कांग्रेस में जो द्वंद्व की स्थिति है, उससे प्रदेश के नेता ही निपट नहीं पा रहे है, तो पायलट इन हालात में कैसे कांग्रेस की नैया पार लगा पाएंगे? कैसे गुटीय संघर्ष की काजल-कोठरी में खुद को बेदाग व सुरक्षित रख पाएंगे? यह सवाल अहम है क्योंकि यह गुटीय घमासान एक तरह से कांग्रेस में राजनीतिक आपदा का रूप ले चुका है।